बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर में सोमवार की देर रात एक शादी के दौरान दहेज को लेकर वर पक्ष ने कन्या पक्ष के लोगों के साथ जमकर मारपीट की। दुल्हन का जोड़ा पहले युवती पुलिस स्टेशन पहुंच गई। थाने पहुंची युवती ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर लड़के वालों की ओर से हमारे परिवार के कई सदस्यों को बुरी तरह मारा गया है। युवती ने गुहार लगाते हुए कहा कि मुझे ये शादी मंजूर नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नालंदा से शादी करने आए वधु पक्ष के साथ दहेज के बकाए पैसों के लिए वर पक्ष के लोगों ने जमकर मारपीट की। दुल्हन शादी के जोड़े में ही शिकायत करने के लिए थाने पहुंच गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई।
बताया जा रहा है कि नालंदा के सूरजपुर से विवाह के लिए कन्या पक्ष के लोग दानापुर के बीएस कॉलेज के नजदीक एक कम्युनिटी हॉल में आए थे। लड़की वालों के अनुसार शादी की रश्म शुरू होते ही वर पक्ष के लोग दहेज में बचे पैसे की मांग करने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों की बीच विवाद होने लगा। विवाद के बीच किसी तरह से शादी संपन्न हुई, लेकिन मंगलवार की सुबह में दहेज में बाकी पैसों की मांग फिर से शुरू कर दी गई। विवाद मारपीट तक जा पहुंचा। नाराज दुल्हन शादी के जोड़े में ही थाने पहुंची और लड़के और लड़के वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
