पटना एसटीएफ व मानसी पुलिस ने खगड़िया के दो अलग-अलग जगहों पर संयुक्त कार्रवाई कर भारी मात्रा में हथियारों के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पहली सफलता मानसी रेलवे स्टेशन से एनएच 31 आने वाली पीसीसी सड़क के निकट सुबह में मिली। वहां से एसटीएफ व मानसी पुलिस ने पटना जिला के खाजेकलां थाना अन्तर्गत कन्हैया टोला के मो. आरिफ राजा व मो. शान के पास से छह 7.65 एमएम के छह पिस्टल व दो मोबाइल बरामद कर गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दोपहर में की गई कार्रवाई के दौरान मानसी थाना क्षेत्र के ही बलहा से बदला रेलवे गुमटी जाने वाली मुख्य सड़क से मधेपुरा जिला के भवन टेकरी गांव के चंदू मंडल, मुंगेर जिले के टीकारामपुर निवासी राजेश यादव व कारेलाल यादव को चार पिस्टल, सात देसी कट्टा, एक सौ कारतूस व तीन मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार पांचों हथियार तस्कर से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। इधर एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि एसटीएफ व स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई में यह सफलता मिली है।
