दो घरों में जा घुसा लोहे के पोल से लदा ट्रक, बाल- बाल बचे सो रहे लोग

by Kakajee News

भिलाई। डबरापारा से औद्योगिक क्षेत्र हथखोज जाने वाली रोड पर बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे के दो घरों में जा घुसा। घटना के समय घर में दो बच्चों समेत 11 लोग सो रहे थे। जो इस हादसे में बाल-बाल बच गए। ट्रेलर क्रमांक सीजी-07 एनए 8612 में लोह के गर्डर पोल लोड थे। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि पोल पीछे से ड्राइवर केबिन को तोड़ते हुए आगे की तरफ से बाहर निकल गए।
हादसे में ट्रेलर चालक को भी गंभीर चोट आई है और उस उन्हीं घरों के लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जिसमें वह ट्रेलर घुस गया था। घटना रात करीब एक बजे के बाद की है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी आ गई होगी और उसके चलते ही यह घटना हुई है। खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को वहां से हटा रही है।
हालांकि, इस बीच लोग सड़क पर उतर आए हैं और उन्होंने चक्का जाम कर दिया है। क्षतिग्रस्त हुए घरों के लोगों की मांग है कि उन्हें मुआवजा दिया जाए। इस सड़क हादसे की वजह से उनका घर टूट गया है और घरों में रखी मोटरसाइकिल और साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोगों के चक्का जाम करने की वजह से सड़क के दोनों तरफ जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और वह स्थानीय लोगों से बात कर जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि ट्रक का मालिक हादसे की वजह से हुए नुकसान की जब तक भरपाई नहीं करता है, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।

Related Posts

Leave a Comment