16 करोड़ के इंजेक्शन से बचेगी आठ माह की अक्षिता की जान,यह है दुर्लभ बीमारी

by Kakajee News

देहरादून के इंद्रपुर नवादा की आठ माह की अक्षिता दुर्लभ बीमारी स्पाइनल मस्क्यूलर एट्रोफी एसएमए टाइप वन से पीड़ित है। वह मुंह से दूध नहीं पी पाती है, हाथ-पैर भी उसके अन्य बच्चों की तरह क्रियाशील नहीं है। नाक में नली डालकर उसे दूध पिलाया जाता है। डाक्टरों के मुताबिक दो साल तक ही इस बीमारी में बच्चे सरवाइव कर पाते हैं। बच्ची के पिता भूपेंद्र सिंह राणा भी कोरोनाकाल में होटल का रोजगार छूट जाने से घर पर ही हैं।

पिता और मां सरिता राणा पहली बेटी की दुर्लभ बीमारी को लेकर परेशान हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह जन्मजात बीमारी है। बड़े अस्पताल में इलाज चल रहा था। करीब तीन माह पूर्व डाक्टर ने बताया कि इस बीमारी में जीन थैरेपी करनी पड़ती है। इंजेक्शन जोल गैंसमा करीब 16 करोड़ रुपये का है, जो यूएसए से आता है और इसकी थैरेपी दिल्ली या चंडीगढ़ में होती है।

पीएम मोदी और अभिनेता सोनू सूद से लगाई गुहार
बच्ची के पिता ने ट्विटर के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी, फिल्म अभिनेता सोनू सूद एवं मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से मदद मांगी है। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम पर फोन पे एवं बच्ची का अकाउंट नंबर जारी कर भी मदद मांगी है। तीन माह के भीतर अभी साढ़े पांच लाख रुपये ही इकट्ठे हो पाए हैं। परिवार के लोग बहुत चिंतित हैं। बच्ची का जीवन बचाने को पिता ने ‘जीवन मांगे अक्षिता’ नाम से अपील जारी की है।

Related Posts

Leave a Comment