हैदराबाद। खेत में काम कर रहे किसान को गणेश की प्राचीन प्रतिमा मिल गई। मूर्ति करीब 800 साल पुरानी भगवान गणेश की बताई जा रही है। चिनगंजम मंडल के मोतुपल्ली गांव में किसान वेंकटेश्वरलू को प्रतिमा उस समय मिली जब वह अपने खेत में काम कर रहा था।
आंध्रप्रदेश के प्रकाशम जिले में इस खोज को लेकर पुरातत्वविद शिव नागी रेड्डी का कहना है कि करीब 800 साल पुरानी यह प्रतिमा 3 फुट 6 इंच लंबी, 2 फुट 6 इंच चौड़ी और एक फुट 6 इंच ऊंची है। यही नहीं कमल के आसन पर पद्मासन मुद्रा में मिली इस प्रतिमा के एक हाथ में मोदक और दूसरे हाथ में दंत है, लेकिन दोनों हाथ क्षतिग्रस्त हैं। प्रतिमा नाग यज्ञोपवीत सहित और भी आभूषण धारण किए हुए है।
कोदनडा रामस्वामी मंदिर मे लगे तमिल शिलालेखों के आधार पर ये अनुमान लगाया गया है कि 12 शताब्दी की ये प्रतिमा उस समय की है जब यहां चोला राजाओं का शासन था। फिलहाल इस प्राचीन प्रतिमा को कोदनडा रामस्वामी मंदिर में रखा गया है। गणेश उत्सव के दौरान इस प्रतिमा के मिलने से लोगों का हुजूम उमड़ रहा है। लोग यहां आकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
