Vaccination Campaign: कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज का चला अभियान, पहले दिन लगी 26 हजार को वैक्सीन

by Kakajee News

जबलपुर, शहर के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने दूसरी डोज लगवाने के लिए अभियान छेड़ दिया है। सोमवार से शुरू हुए इस अभियान में शहर ही नहीं बल्कि जिले की सीमा से लगी सभी तहसील और ब्लॉक में शिविर लगाकर दूसरी डोज लगवाने लोगों को जागरूक किया। इस अभियान में इस बार न सिर्फ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग शामिल है बल्कि शहर के सभी शासकीय विभागों से लेकर राजनेता, समाजसेवी और संस्थानों ने अपनी भी हिस्सेदारी दी। उन्होंने दूसरी डोज लगवाने वालों को जागरूक कर वैक्सीन लगवाने प्रेरित किया। अभियान के पहले दिन सोमवार को जिले में लगभग 26 हजार लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।

280 केंद्रों में लगी वैक्सीन: विशेष अभियान के जरिए लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए जबलपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में करीब 280 टीकाकरण केंद्र बनाए। हर केंद्र पर कोरोना की दोनों वैक्सीन कोविडशील्ड और कोवैक्सीन का स्टॉल पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता था। टीकाकरण केंद्रों के अलावा मोबाइल वैक्सीन वेन के माध्यम से भी लोगों को घर-घर जाकर वैक्सीन लगाई गई। इनमें अधिकतर दिव्यांग, बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति शामिल थे।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एसएस दाहिया के अनुसार सेकेंड डोज के वैक्सीनेशन के अभियान के लिए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने निर्देश पर आमजनों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को भी अलग-अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। पांच हफ्ते तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को भी नियमित टीकाकरण होगा।

मोबाइल टीम ने लगाई वैक्सीन: कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने उद्योग विभाग और लघु उद्योग भारती के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम द्वारा औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में वैक्सीनेशन किया गया। यह मोबाइल टीम क्षेत्र में कल मंगलवार 9 नवंबर को भी भ्रमण कर औद्योगिक ईकाईयों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगायेगी।

Related Posts

Leave a Comment