21 साल के हितेश की हत्या को लेकर पुलिस ने बड़ा दावा किया है। यहां सबसे पहले आपको बता दें कि हाल ही में पुलिस को यहां एक युवक की सिर कटी लाश मिली थी। युवक के हाथ-पैर भी कटे हुए थे। इसके बाद से पुलिस इस मामले को सुलझाने में लगी हुई थी। अब पुलिस ने इस मामले में आरोपी निलेश जोशी को रविवार की सुबह राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
निलेश जोशी, हितेश के पिता हैं। निलेश ट्रांसपोर्ट विभाग में अधिकारी थे और अब रिटायर हो चुके हैं। पुलिस का दावा है कि बेटे के साथ कहासुनी होने पर निलेश ने उसकी हत्या कर दी और उसके शव को कई टुकड़ों में काट दिया। इसके बाद निलेश ने इन टुकड़ों को अहमदाबाद में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त, प्रेम वीर सिंह ने कहा, ‘निलेश जोशी स्टेट ट्रांसपोर्ट सर्विस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। उनका बेटा शराब का आदी था। बीते सोमवार या मंगलवार को पिता-पुत्र के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसके बाद गुस्से में आकर निलेश ने अपने बेटे के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। लड़के के सिर पर 7-8 बार पत्थर से हमला किया गया और फिर उसकी मौत हो गई।’ पुलिस के मुताबिक, इसके बाद निलेश जोशी ने इस अपराध को छिपाने की योजना बनाई।
