अस्पताल में बड़ी लापरवाही, मेडिकल कॉलेज में शव को चूहों ने कुतरा, जांच के आदेश

by Kakajee News

गया से शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही के चलते शव को चूहों ने कुतर दिया। ड्यूटी पर तैनात हेल्थ मैनेजर ने एक शख्स की मौत के बाद शव को मोर्चरी में रखने के बजाय इमरजेंसी की सीढ़ियों के नीचे ही रखवा दिया। इस कारण शव के अंगों को चूहों ने रात में कुतर दिया। मेडिकल अधीक्षक ने जांच के आदेश देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है।

गया के मगध मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक गोपाल कृष्ण ने ड्यूटी पर तैनात रहे हेल्थ मैनेजर आसिफ अहमद को 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही पूछा कि क्यों न उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाए।

उन्होंने बताया कि नवादा जिले के रहने वाले रामजी तिवारी की मौत 24 जुलाई को इलाज के दौरान इमरजेंसी वार्ड में हो गई थी। इसके बाद उसका शव परिजन को सौंपा गया। मगर परिजनों ने स्टाफ से कहा कि वह शव को सुबह ले जाएंगे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात हेल्थ मैनेजर आसिफ अहमद ने शव को मोर्चरी में ना रखकर इमरजेंसी के सीढ़ी के नीचे रखवा दिया। इस शव के कुछ अंगों को चूहों ने कुतर दिया।


बताया जा रहा है कि पहले इस मामले को अस्पताल प्रशासन ने दबाने की कोशिश की। मगर परिजन के हंगामे के बाद यह मामला सामने आ गया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह बहुत ही गंभीर है।

जानकारी के मुताबिक रामजी तिवारी की मौत के बाद परिजन ने शव को ले जाने के लिए अस्पताल प्रशासन से शव वाहन मुहैया करने के लिए कहा। मगर ड्यूटी पर तैनात हेल्थ मैनेजर विभा कुमारी ने परिजन को गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई। मगध मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने लापरवाही के आरोप में विभा कुमारी पर भी एक्शन लिया है। उसका 10 दिन का वेतन काटा गया है। साथ ही 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

Related Posts

Leave a Comment