दिल्ली में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। नगर निगम ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक, डेंगू के नए केस लगातार सामने आ रहे हैं। दिल्ली नगर निगम के अनुसार इस महीने में अब तक 20 केस सामने आ चुके हैं। अब तक यहां कुल 189 केस सामने आ चुके हैं। नगर निगम ने जो डेटा जारी किया है उसको देखने से यह पता चल रहा है कि इस साल जनवरी से लेकर जून के महीने तक दिल्ली में डेंगू के काफी केस सामने आए हैं। साल 2017 से लेकर 2021 तक जनवरी और जून के महीनों में डेंगू के जितने केस आए उसकी तुलना में इस साल के शुरुआत में कहीं ज्यादा डेंगू के मरीज सामने आए हैं।
डेटा के मुताबिक, साल 2017 में जनवरी में डेंगू के 4 केस आए थे, 2018 में 6, 2019 में 1, 2020 में शून्य, 2021 में शून्य तो वहीं इस साल यानी 2022 में जनवरी के महीने में 23 केस सामने आए। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की रिपोर्ट के मुताबिक शहर में जनवरी में डेंगू के 23 मामले, फरवरी में 16, मार्च में 22, अप्रैल में 20, मई में 30 और जून में 32 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा जुलाई के महीने में 26 और अगस्त में अब तक 20 केस दर्ज किये गये हैं।
पिछले साल अगस्त महीने में अब तक 72 केस सामने आए थे। इस साल डेंगू के केस शुरुआती महीनों में क्यों सामने आए? इसे लेकर नगर निगम अधिकारियों ने पहले कहा था कि इस साल डेंगू के केस पहले ही दर्ज किये जा रहे हैं और इसकी वजह है मौसम। अधिकारियों ने बताया था कि कुछ समय पहले दिल्ली का मौसम मच्छरों के प्रजनन के लिए बेहद उपयुक्त था। इसीलिए डेंगू के केस समय से ही दर्ज किये जा रहे थे।
