तलाक की खबरों के बीच सानिया मिर्जा और शोएब मलिक के नए शो का ऐलान, फैन्स कन्फ्यूज

by Kakajee News

टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक पिछले कुछ दिनों से तलाक की खबरों को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। सानिया के एक पोस्ट के बाद इस तरह की चर्चा चल पड़ी। खबरें तो यहां तक थीं कि दोनों अलग रह रहे हैं और बस उनका पेपरवर्क रह गया है। हालांकि दोनों में से किसी ने अभी तक इस पर कुछ भी नहीं कहा है। तलाक की खबरों के बीच अब सानिया और शोएब के आने वाले नए रियलिटी शो का ऐलान कर दिया गया है जिसके बाद फैन्स कन्फ्यूज हो गए हैं। यूजर्स उनके तलाक की खबरों को पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं।


शनिवार की रात को ओटीटी प्लेटफॉर्म उर्दूफ्लिक्स ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर नए शो की जानकारी दी। इस शो का नाम ‘द मिर्जा मलिक शो‘ है। शो का एक पोस्टर रिलीज किया गया है जिस पर सानिया और शोएब की फोटो है। दोनों साथ में पोज दे रहे हैं। पोस्टर के बैकग्राउंड में बुर्ज खलीफा दिखाई पड़ रहा है। गौरतलब है कि कपल अभी दुबई में है। इसके साथ कैप्शन में लिखा है, ‘द मिर्जा मलिक शो जल्द ही केवल उर्दूफ्लिक्स पर।


नए शो के ऐलान के साथ फैन्स कन्फ्यूज हैं कि पिछले कुछ दिनों से जो खबरें फैली हैं वह महज पब्लिसिटी के लिए किया गया। एक यूजर ने लिखा, ‘क्या अलग होने की खबरें इस वजह से पब्लिसिटी स्टंट था? सानिया को ऐसा नहीं करना चाहिए था।‘ एक यूजर लिखते हैं, ‘हो सकता है शो उनकी शादी की समस्याओं से पहले शूट किया गया हो। उन्होंने अभी तक अपने सोशल मीडिया पेज पर कुछ भी शेयर नहीं किया है।‘ एक फैन ने कमेंट किया, ‘बहुत अच्छा लगा सुनकर, साथ रहो।‘ एक ने कहा, ‘सबकुछ भूलकर एक दूसरे के साथ रहो। शोएब को किसी और के साथ देखना अच्छा नहीं लगेगा। सानिया उनके लिए परफेक्ट हैं।

बता दें कि सानिया और शोएब साल 2010 में शादी के बंधन में बंधे और उसके बाद वो दुबई शिफ्ट हो गए। 2018 में उनके बेटे इजहान का जन्म हुआ।

Related Posts