ढाबे में खप रही थी हरियाणा की शराब,वेलकम ढाबा सील, अस्सी हजार से अधिक की शराब जब्त, आबकारी अमले की कार्रवाई

by Kakajee News

रायगढ़ । शहर से लगे उर्दना के पास संचालित वेलकम ढाबा में गुरूवार को आबकारी अमला ने छापामार कार्रवाई की। यहां जांच के दौरान ढाबा के पीछे घर में रखी हुई हरियाणा की शराब पाई गई। इसके अलावा देसी शराब व बीयर की बोतल भी यहां से बरामद किया गया। आबकारी अमला ने लगभग 80 हजार से अधिक की शराब जब्त की है। बताया जा रहा है कि ढाबा में इसकी बिक्री की जाती थी।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग के वृत रायगढ़ शहर के प्रभारी आशीष उप्पल को मुखबिर से सूचना मिली कि वेलकम ढाबा के पीछे दूसरे राज्य की अंग्रेजी शराब ढाबा में बिक्री के लिए रखी गई है। इसके बाद तत्काल आशीष उप्पल ने मामले की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी। उनके आदेश पर आशीष उप्पल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और वेलकम ढाबा में छापा मारते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। जहां प्रारंभ में तो ढाबा में मौजूद स्टाप के द्वारा शराब नहीं होने की बात कही, पर आबकारी टीम ने गहन जांच पड़ताल की तो पहले ढाबा के पास एक घर मे पांच पेटी हरियाणा की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जांच में शराब की पेटी मिलने पर आबकारी अमला ने मामले की जानकारी एडीओ रमेश अग्रवाल को दी। जहां एडीओ भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ढाबा के पीछे एक घर का ताला तोड़ कर जांच की गई तो वहां भी हरियाणा की अंग्रेजी शराब, बीयर और छत्तीसगढ़ की देसी शराब की करीब सात पेटी मिली। आबकारी अमला की कार्रवाई को देखते हुए ढाबा में कार्यरत सभी कर्मचारी एक एक कर यहां से चले गए। जब तक आबकारी अमला की कागजी कार्रवाई पूरी होती ढाबा में एक भी कोई कर्मचारी नहीं था। इसके बाद आबकारी अमला ने ढाबा को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि लगभग अस्सी हजार से अधिक का शराब यहां से जब्त किया गया है। उक्त कार्रवाई में एडीओ रमेश अग्रवाल के साथ रायगढ़ शहर वृत्त प्रभारी आशीष उप्पल, आबकारी आरक्षक सुंदरलाल प्रधान, हेमप्रकाश डनसेना, जयदान तिर्की, श्रीकांत, प्रभुवन, वाहन चालक अशोक, मकबूल की भूमिका सराहनीय रही।
आखिर कैसे पहुंच रही यहां दूसरे राज्य का शराब?
हरियाणा की शराब रायगढ़ तक पहुंच जाती है और इसकी भनक भी किसी को नहीं लगती। सूत्रों की अगर माने तो लंबे समय से यहां शराब की अवैध बिक्री की जा रही थी। वहीं बताया जा रहा है कि ढाबा में शराब को न रख कर ढाबा के पीछे घर में छिपा कर रखा जाता था। ताकि शराब ढाबा में न मिल सके। इसके अलावा पहाड़ी किनारे भी काफी मात्रा में शराब की खाली बोतल पड़े होने की बात आबकारी अमला द्वारा बतायी गई।
क्या कहते हैं आबकारी विभाग के अधिकारी
इस संबंध में आबकारी विभाग के एडीओ रमेश अग्रवाल ने बताया कि वेलकम ढाबा के पीछे घर में काफी मात्रा में हरियाणा की अंग्रेजी शराब पायी गई है। जिसे जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में शराब ढाबा में बिक्री के लिए रखे जाने की बात कही जा रही थी। ऐसे में ढाबा को सील करने की कार्रवाई की गई है।

Related Posts

Leave a Comment