जादू-टोने का डर दिखा ट्राला चालक के 60 हजार रुपये उड़ाए, हस्तरेखा देखने के बहाने झांसे में लिया

by Kakajee News

नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ फ्लाईओवर से आगे खड़े ट्राला चालक को जादू-टोने का भय दिखाकर तीन युवक 60 हजार रुपये ऐंठ कर भाग गए। उन्होंने चालक-क्लीनर को झांसे में लेकर नकदी ले ली और उन्हें अनिष्ट का भय दिखाकर ट्राला से दूर भेज दिया। बाद में उन्हें नकदी ऐंठने का पता लगा। उन्होंने मामले की शिकायत बहालगढ़ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अमानत में ख्यानत का केस दर्ज कर लिया है।

राजस्थान के जिला अलवर के गांव बल्वांदका निवासी इस्सर ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह ट्राला पर चालक है। राजस्थान के शाहपुर निवासी प्रह्लाद के ट्राला पर उनके साथ अलवर के बरोदा मेओ का इरफान क्लीनर है। वह तथा इरफान 9 जनवरी को ट्राला में यूपी के प्रतापगढ़ स्थित बाबूगंज बाजार की आर्यन ट्रेडिंग कंपनी से 685 बैग (413 क्विंटल) चावल लोड कर गुरु हर गोविंद साहब राइस मिल, कुरुक्षेत्र के लिए चले थे।


11 जनवरी की दोपहर को बहालगढ़ फ्लाईओवर से आगे पहुंचे तो उन्होंने ट्राला को साइड में रोक लिया। चाय पीने के बाद इरफान कुछ दूर चला गया। वह ट्राला के टायर चेक करने लग गए। इसी दौरान तीन युवक वहां आए। वह उनकी गाड़ी के पास बैठ गए। वह आपस में जादू टोना की बात करने लगे। इसी दौरान इरफान भी आ गया। वह युवक आपस में हस्तरेखा देखने लगे। फिर उनमें से एक ने उन्हें कहा कि आप भी हस्तरेखा दिखा सकते हो। वह उनका हाथ देखकर कहने लगा कि तू मेहनती और सच्चा आदमी है। ईमानदारी से काम करता है। फिर हाथ देखने वाले ने अपने साथ वाले युवक को कहा कि तुम्हारे पास कितने रुपये हैं। वह युवक बोला 700 या 800 रुपये हैं। तभी हस्तरेखा देख रहा युवक बोला कि तुमने झूठ बोला है।

इसी दौरान अपने पास 700 या 800 रुपये बताने वाला युवक उल्टियां करने लगा। इस पर हस्तरेखा देखने वाले ने कहा कि झूठ बोलने के कारण उसकी यह हालत हुई है। साथ ही कहा कि जो सच बताएगा उसे 20 हजार रुपये का फायदा होगा। फिर वह ट्राला चालक से बोला कि सच बताना कि उसके पास जेब या गाड़ी में कितने रुपये हैं। सच बताने पर उसे फायदा होगा। जिस पर चालक ने बता दिया कि गाड़ी में 60 हजार रुपये हैं। उसने रुपये लेकर आने को कहा। जिस पर चालक ने क्लीनर इरफान को भेजकर नकदी मंगवा ली। इरफान ने रुपये अपनी जेब में रख लिए।


इसी बीच हस्त रेखा देखने वाले युवक ने एक कंकड़ (पत्थर) उठाकर अपने साथी को दिया और मुठ्ठी बंद कर बोला कि 20 कदम पर डालना और फिर बताना कंकड़ का क्या दिखाई दिया। वह युवक कंकड़ डालकर वापस आया बोला कि कंकड़ का गुलाब बन गया। इस पर उसने एक कंकड़ चालक इस्सर को दिया। साथ ही कहा कि 100 मीटर दूर जाकर डालना और पीछे मुड़कर नहीं देखना। पीछे देखने पर अनिष्ट हो जाएगा। इस पर वह गाड़ी से दूर चला गया। कुछ देर बाद इरफान भी उसके पास आ गया। उसने बताया कि रुपये लेकर हस्तरेखा देखने वाले ने उसे भी कंकड़ देकर भेजा है। वह तुरंत वापस आए तो तीनों युवक गायब थे। तब उन्हें नकदी ऐंठने का पता लगा।

Related Posts

Leave a Comment