विवाह फिल्म की तर्ज पर घटी एक घटना इन दिनों लोगों की जुबान पर है। बिल्कुल फिल्मी तर्ज पर घटित हुई एक तकलीफदेह घटना के सुखद अंजाम ने लोगों की आंखें नम कर दी। घटना दरअसल, सदर प्रखंड के महेशलुंडी गांव में घटी। अभिषेक कुमार साह उर्फ अमित की शादी 15 मार्च को तय हुई थी।
शादी से पहले छत से गिरा दूल्हा
10 मार्च को उसका तिलक होने वाला था। 9 मार्च को छत पर कपड़ा उठाते समय वह अचानक से अपनी छत से गिर पड़ा। पूरे शरीर में उसको कई गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। अगले दिन किसी तरह उसका तिलक कराया गया। इस बीच लोगों ने कई तरह की बातें शुरू कर दी।
दूल्हन ने साथ छोड़ने से किया इनकार
इधर होने वाली दुल्हन भी बुरी तरह परेशान हो गई। लोगों ने शादी को टाल देने या फिर नहीं करने की बात की तो लड़की उनपर ही गुस्सा हो गई। उसने कहा कि अमित को उसने अपना जीवनसाथी मान लिया है। अब लोगों को तारीख पता चलना बाकी है। लड़की की बात सुनकर सब हैरान हो गए और फिर वर-वधू पक्ष ने हर हालत में शादी करवाने की ठान ली।
इधर अमित का इलाज रांची में चल रहा था। शरीर में कुछ ऑपरेशन भी किए गए। हालांकि वर-वधू के प्रेम को देखकर भगवान भी पिघले और ठीक शादी के एक दिन पहले उसको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तय समय पर यान 15 मार्च को पपरवाटांड़ के शिव मंदिर में दोनों हमेशा के लिए विवाह के बंधन में बंध गए।
