माओवादियों के बिछाए IED में विस्फोट से 10 साल के बच्चे की मौत, पुलिस बोली- यह कायराना हरकत

by Kakajee News

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में माओवादी द्वारा लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में विस्फोट होने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चा रेंगराहातु के बंगलासाई टोला का रहने वाला था।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखरने बताया कि बच्चा रोलाब्रुपी जेंगागड़ा वन में केंदु के पत्ते तोड़ने गया था। माओवादियों द्वारा सुरक्षाकर्मियों को निशाने बनाने के लिए लगाए गए आईईडी में गुरुवार को विस्फोट हो गया, जिसमें बच्चे की जान चली गई।

विस्फोट की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और जिला पुलिस तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और गांववालों की मदद से बच्चे का शव वहां से बाहर निकाला। उन्होंने शव को पोस्ट मार्टम के लिए चाईबासा के सदर अस्पताल में भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को माओवादियों द्वारा हताशा में की गई कायराना हरकत बताते हुए कहा कि नक्सल विरोधी अभियान क्षेत्र में जारी है। इस साल जनवरी से माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से अबतक पांच गांववालों की मौत हो चुकी है, जिसमें दो बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल है।

Related Posts

Leave a Comment