झारखंड के गुमला में चौथी कक्षा में पढ़ने वाली दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि वारदात में सात लोग शामिल थे।
घटना एक मई की बताई जा रही है, जब दोनों ही लड़कियां अपने रिश्तेदार की शादी में गई थीं। वहीं से दो युवकों ने उन्हें अगवा कर उनके साथ दुष्कर्म किया। दोनों लड़कियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पीड़िताओं में से एक के माता-पिता नहीं हैं। उनकी 10 साल पहले ही बीमारी के वजह से मौत हो गई थी। जिसके बाद नानी ही उनकी देखभाल कर रही है। वहीं, दूसरी पीड़िता का परिवार मजदूरी कर अपना पेट पालता है।
बताया जा रहा है कि दोनों ही लड़कियों ने जब अपने परिवारवालों को इस घटना की जानकारी दी तो पहले वे समाज के डर से चुप रहे। हालांकि, बाद में परिवार वाले 17 मई को पुलिस के पास इस मामले की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने गांव वालों को भी इस मामले की जानकारी दी, लेकिन वे उल्टा पीड़िता के परिवार वालों को ही प्रताड़ित करने लगे। गांव के एक व्यक्ति ने पीड़िता और उसकी मां की पिटाई भी की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस जब आरोपी को पकड़ने गई, तो उनके ऊपर भी हमला किया गया। बाद में पुलिस दोनों आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब रही। साथ ही हमला करने वालों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान दोनों ही आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उन्होंने अपने अन्य साथियों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दे दी है।
