परीक्षा पास करने के लिए पांच साल में दिए नौ मौके, नतीजा हर बार फेल

by Kakajee News

पांच साल में नौ मौके मिले, लेकिन नतीजा हर बार फेल। यह हाल 10वीं और 12वीं कक्षा के 71 विद्यार्थियों का है। हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के विद्यार्थी 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा 9वीं बार देने के बाद भी पास नहीं कर सके। इनमें 10वीं कक्षा से 25 और जमा दो कक्षा से 46 परीक्षार्थी शामिल हैं। ये परीक्षार्थी पांच साल से परीक्षा दे रहे हैं, लेकिन हर बार फेल हुए। परीक्षा को पास करने का अंतिम मौका बोर्ड की ओर से मार्च 2023 में दिया गया, लेकिन इसमें भी सफल नहीं हुए और अनुत्तीर्ण हो गए।

अब इन्हें फिर से बोर्ड की ओर से संचालित करवाई जाने वाली एसओएस की परीक्षा के तहत अपना पंजीकरण करवाना होगा। इसके बाद ही 12वीं की परीक्षा दे सकेंगे। पंजीकरण करवाने के बाद विद्यार्थियों को बोर्ड नौ और मौके परीक्षा पास करने के लिए देगा। पांच साल के दौरान कई विद्यार्थियों ने सभी विषयों की परीक्षा दी। कई विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिन्हें केवल एक या दो विषयों की परीक्षा को पास करना था, लेकिन हर बार फेल होते रहे। परीक्षा पास नहीं कर पाने के कारण बोर्ड ने फिलहाल इन्हें अयोग्य करार दे दिया है। पंजीकरण फिर से करवाने के बाद विद्यार्थी अब परीक्षा में बैठ सकेंगे।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित किए गए एसओएस के परिणाम में 10वीं कक्षा के 25 और 12वीं कक्षा के 46 परीक्षार्थी फेल हुए हैं। ये अभ्यर्थी पिछले पांच साल से परीक्षा दे रहे थे और उन्हें परीक्षा पास करने के लिए बोर्ड की ओर से नौ मौके दिए गए, लेकिन वे उत्तीर्ण नहीं हो सके। अब इन्हें फिर से पंजीकरण करवाना होगा, तभी यह परीक्षा में बैठ सकेंगे। पंजीकरण नहीं करवाया तो परीक्षा देने से विद्यार्थी वंचित कर दिए जाएंगे।- डॉ. विशाल शर्मा, सचिव, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।

Related Posts