20 फीट गहरी खाई में पलटी स्कूली बस, 26 बच्चे घायल, मोड़ पर हुई बेकाबू

by Kakajee News

शुक्रवार की सुबह स्कूली छात्रों से भरी बस मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार 26 छात्र घायल हो गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के ग्रामीणों ने बस की कांच-खिड़की तोड़कर घायल बच्चों को बाहर निकाला और सीएचसी फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। उधर, स्कूल पलटने की सूचना मिलने पर एसडीएम मधुबन अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल चाल लेने के साथ इस मामले में रामपुर पुलिस के साथ एआरटीओ के इस संबंध में ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर ताल नरजा स्थित एक निजी स्कूल है। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे रोज की तरह स्कूल की बस अलग अलग जगहों से 26 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। स्कूल से डेढ़ किमी फतेहपुर मंडाव ग्राम पंचायत के पुरवा मंडाव के पास मोड पर मुडते दौरान बस बेकाबू हो गई, चालक बस पर नियंत्रण पा पाता, उससे पहले ही अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब पांच फीट गहरे खाई में पलट गई।
हादसे में स्कूल बस में सवार राघेन्द्र (13) निवासी हकारीपुर, शौर्या (9) हकारीपुर, नीतीश (13) हकारीपुर, अर्चना (16) हरियाव, अध्यपिका अनुराधा पाण्डेय (40), शिखा (15) वर्ष निवासी भठिया, दीपशिखा 16 वर्ष भठिया, प्रतिज्ञा 12 वर्ष निवासी सुल्तानीपुर, अनुष्का 17 वर्ष निवासी परदहा, अनामिका (17) जगनपुर, प्रशांत (17) निवासी परदहा, दीप्ति (16) निवासी भठिया, सोनू (13) निवासी हरियाव, शिशिर (12), आयुष (6) कुशहा नसीरपुर, आदिति (10) कुशहा नसीरपुर, प्रियांशु (16) निवासी सीधा अहिलासपुर, दिव्यांशु पाण्डेय 15 निवासी जगनपुर तथा परिचालक चंद्रभान (48) कंडक्टर बस का निवासी ढंढवल पटराव घायल हो गए।

घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोगों ने बच्चों को बस से निकाला और घटना की सूचना रामपुर पुलिस के साथ प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचे रामपुर एसओ ने सभी घायलों को फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम मधुबन अवधेश कुमार चौहान भी अस्पताल पहुंचे, यहां उन्होंने गंभीर हालात में घायल शिक्षिका की जानकारी लेकर अपने देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजवाया। साथ ही इस मामले की पूरी जांच करने के लिए रामपुर एसओ को दिशा निर्देश देने के साथ एआरटीओ को इस मामले में ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।

Related Posts