रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार सुबह एलपीजी गैस टैंकर और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एलपीजी टैंकर से गैस लीक हो गई। इसके कारण कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इस घटना से रिंग रोड नंबर तीन जाम हो गया है। हादसे में ट्रक के चालक को मामूली चोट आई है। वहीं, किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने गैस को उक्त टैंकर से खाली कर दूसरे टैंकर में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया है।
घटना की वजह से आवागमन बाधित है। एहतियात के तौर पर फौरन इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी गई। फायर फाइटर्स की टीम अब मौके पर पहुंच कर सावधानी से टैंकर को हटाने का काम कर रही है। यह हादसा मंदिर हसौद चौक से पहले विधानसभा की ओर मुड़ने वाले तिराहे पर हुआ। इसकी वजह से सड़क को दोनों तरफ से बंदकर दिया गया है। ट्रैफिक को डायवर्ट करने की कोशिश पुलिस कर रही है। फिलहाल, इस हादसे की वजह से जाम के हालात बन गए हैं। किसी गंभीर दुर्घटना से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से एहतियात बरत रही हैं।
मंदिर हसौद टीआई राजेंद्र दीवान ने बताया कि इस हादसे में टैंकर पलटने से चालक को मामूली चोटें आई हैं, चालक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
371
