एक गलती पड़ेगी बहुत महंगी, ऑनलाइन सेल में लैपटॉप खरीदने समय जरूर देखें ये चीजें

by Kakajee News

देश की तमाम ई-कॉमर्स साइट पर सेल शुरू हो गई है। लैपटॉप से लेकर मोबाइल और अन्य गैजेट पर भारी छूट का दावा किया जा रहा है। आप में से कई लोग ऐसे होंगे जो इस सेल में लैपटॉप से लेकर मोबाइल और कैमरा तक खरीदेंगे। यदि आप लैपटॉप खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि इस रिपोर्ट में हम आपको बताएंगे कि लैपटॉप खरीदते समय किन-किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। आइए जानते हैं…
यह काफी महत्वपूर्ण सवाल है कि आखिर आप लैपटॉप किस काम के लिहाज से खरीद रहे हैं। यदि आप गेमिंग के हिसाब से लैपटॉप खरीद रहे हैं तो आपको दमदार हार्डवेयर, अधिक स्टोरेज और मेमोरी वाले लैपटॉप खरीदना चाहिए। यदि आप ऑफिस के काम, ऑनलाइन क्लास और ब्राउजिंग के लिए लैपटॉप लेना चाहते हैं तो आपका काम कम स्टोरेज और कम पावर वाले हार्डवेयर से भी चल जाएगा। अपनी जरूरत के हिसाब से रैम और स्टोरेज का भी ख्याल रखें।
जरूरत के हिसाब से आपको अपना बजट देखना चाहिए, क्योंकि कम जरूरत के लिए अधिक पैसे खर्च करने का कोई तर्क नहीं होता। यदि आपकी जरूरत ऑफिस के काम, ऑनलाइन क्लास और ब्राउजिंग की है तो आपको 25,000 से 30,000 रुपये की रेंज में अच्छे लैपटॉप मिल जाएंगे।
यदि आपको अपने लैपटॉप को लेकर अक्सर कहीं आना-जाना होता है तो आपको 13 इंच से 14 इंच के बीचका लैपटॉप लेना चाहिए। 15 इंच डिस्प्ले वाले लैपटॉप को कैरी करने में दिक्कत होती है। इसके अलावा लैपटॉप खरीदते समय उसके वजन का भी ख्याल रखें। यदि किसी लैपटॉप का वजन दो किलोग्राम से अधिक है तो आपको वह लैपटॉप नहीं खरीदना चाहिए।
आजकल ऐसे लैपटॉप की भरमार है जिनमें बहुत ही कम कनेक्टिविटी पोर्ट्स मिल रहे हैं। ऐसे में आपके लिए बहुत जरूरी है कि आप इन पोर्ट्स का ध्यान रखें। आमतौर पर ऐसे ही लैपटॉप खरीदें जिनमें कम से कम दो टाइप-ए यूएसबी पोर्ट, एक टाइप-सी पोर्ट, एक हेडफोन जैक, एक लैन पोर्ट, माइक्रो एसडी कार्ड रीडर और एक एचडीएमआई पोर्ट हो।
आपको कम से कम इंटेल आई5 प्रोसेसर वाले लैपटॉप खरीदना चाहिए। 25,000 रुपये की रेंज में इंटेल पेंटियम गोल्ड, एटम और Celeron प्रोसेसर वाले लैपटॉप मिल जाते हैं लेकिन आपको इनसे बचना चाहिए, क्योंकि काम बढ़ जाने पर आपको नया लैपटॉप खरीदना पड़ सकता है।
हमेशा नॉन रिफ्लेक्टिव स्क्रीन वाले लैपटॉप का चुनाव करें। बजट लैपटॉप में 720 पिक्सल रिजॉल्यूशन वाले लैपटॉप खरीदें। इस डिस्प्ले से आपके ऑफिस, ऑनलाइन क्लास जैसे काम आराम से पूरे हो जाएंगे।

Related Posts