रायगढ़। रायगढ़ जिले में एक बार फिर से अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी रकम समेत सोने के जेवरात पर हाथ साफ किया है। पीड़ित की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कौहाकुंडा निवासी दिनेश कुमार त्रिपाठी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह बालाजी मेट्रो अस्पताल में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत है। वह अपने परिवार के साथ 09 अक्टूबर को ओडिशा में स्थित जगन्नाथ पुरी मंदिर दर्शन करने गया था। दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इसी बीच 11 अक्टूबर की सुबह 8 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनके घर के सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। इस सूचना के बाद तत्काल वह रायगढ़ पहुंचा तो देखा कि घर के सामने गेट में लगा ताला टूटा हुआ था और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था।
दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घर के सामानो को चेक करने पर पता चला कि अलमीरा मे रखे बच्चो के दो नग सोने का चैन नही था, जिसका वजन लगभग 10 ग्राम मूल्य करीब 70 हजार था और पेंट के जेब से नगद 2 हजार 200 रूपये नही था। अज्ञात चोरों ने सुने मकान का ताला तोड़कर लगभग 72 हजार की चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
बहरहाल पीड़ित की रिपोर्ट के बाद चक्रधर नगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305(ए) 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।
116
