पुलिस को बड़ी सफलता, 05 नक्सली गिरफ्तार, विस्फोटक सामग्री व नक्सली साहित्य बरामद

by Kakajee News

बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों मद्देड़, गंगालूर और जांगला में की गई कार्रवाई में कुल पाँच नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, नक्सली वर्दी, पिटठू, साहित्य एवं दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की गई है।

मद्देड़ पुलिस ने दुधेड़ा और दम्पाया के बीच जंगल से एक नक्सली सहयोगी संजय मरपल्ली (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से विस्फोटक सामग्री, नक्सली वर्दी, पिटठू और अन्य आवश्यक सामान बरामद किया गया है।

डीआरजी बीजापुर और गंगालूर थाना की संयुक्त टीम ने गश्त और सर्चिंग के दौरान मुतवेंडी क्षेत्र से तीन नक्सली मिलिशिया सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में
कमलू ऊर्फ कलमू पूनेम (30) निवासी मुनगा मातापारा, कोसा भोगाम (45) निवासी मुनगा नयापारा, कोसा तामो (45) निवासी गमपुर माड़वीपारा शामिल है।
बताया गया है कि ये तीनों आरोपी 27 जुलाई 2024 को मुतवेंडी के कच्चे रास्ते पर लगाए गए आईईडी विस्फोट की घटना में शामिल थे, जिसमें एक मासूम बालक ईरमा कवासी गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसे अपना पैर गंवाना पड़ा था। उनके कब्जे से कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी आदि विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए।

जांगला थाना की पुलिस ने एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान छोटेतुमनार नयापारा जंगल से एक नक्सली मिलिशिया सदस्य सोनाधर पोड़ियाम (40) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक टिफिन बम, स्विच और पेंसिल सेल बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी नक्सलियों के खिलाफ थाना मद्देड़, गंगालूर और जांगला में विधिक कार्रवाई की गई है एवं उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Related Posts

Leave a Comment