रायगढ़ में हाथी का आतंक: महिला समेत दो ग्रामीणों की मौत, वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला, गांवों में दहशत

by Kakajee News

रायगढ़ में हाथी का आतंक: महिला समेत दो ग्रामीणों की मौत, वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला, गांवों में दहशत

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार तड़के कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती और छाल रेंज के औरानारा गांव में हाथी के हमलों में दो लोगों की मौत हो गई। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे एक हाथी बस्ती में घुस आया और उत्पात मचाने लगा। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलकर भाग रही एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद हाथी काफी देर तक बस्ती के आसपास घूमता रहा। इस दौरान उसने वन विभाग की एक गाड़ी पर भी हमला कर दिया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

इधर, छाल रेंज के औरानारा गांव में भी शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण की मौत के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं और रात के समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, हाथियों के नजदीक न जाने तथा किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की है। विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है और हाथी के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।

 

Related Posts

Leave a Comment