लोगों से ठगी करने के लिए धोखेबाजों ने अलग-अलग तरह के पैंतरे निकाले हैं। यूपी के हरदोई में जिस तरह का ठगी का मामला सामने आया है वह वाकई लोगों को हैरत में डालने वाला है। ठग रिश्तेदारी का हवाला देकर एक ग्रामीण के घर रुका। इसके बाद ठग ने युवक की शादी का सपना दिखाया। ठग ने शादी कराने के लिए लड़के वालों से एक लाख रुपये भी लिए। फिर क्या था, युवक घर में दुल्हन लाने का ख्वाब देखने लगा। कुछ दिन बाद ठग तिलक चढ़ाने के लिए पहुंचा। शादी की तारीख भी तय हो चुकी थी। लड़के वालों के घर में शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। 19 मई को बारात जानी थी। शादी की वह तारीख भी आ गई। शाम को दूल्हा बारात लेकर लड़की के घर पहुंचा तो यहां का माहौल दिखकर सभी सन्न रह गए। न तो यहां मंडप सजा था और न ही दुल्हन। लड़की वालों को भी अता-पता नहीं था। अब लड़के वालों को ठगी का एहसास हो चुका था। दुल्हन लेने गई बारात बैरंग वापस लौट चुकी थी। इसके बाद सभी उक्त ठग की तलाश शुरू हुई और उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामला हरदोई जिले के कछौना इलाके के कोरिहाना गांव का है। गांव निवासी बरजोर यादव ने बताया कि बीते तीन माह पूर्व ग्राम उसरियापुर थाना मल्लावां निवासी युवक विकास यादव उसके घर आया। विकास उसके दूर के रिश्तेदारों का परिचय देकर घर पर रुकने लगा। इस बीच विकास ने बरजोर के लड़के का ब्याह बेहन्दर कासिमपुर निवासी अपने परिचित की बेटी से करवाने का प्रस्ताव रखा तो वह झट से राजी हो गया। आरोप है कि इसके एवज में विकास ने एक लाख रुपये की रकम बरजोर से हासिल कर ली। इसके कुछ दिन बाद वह तीन अज्ञात लोंगो के साथ कोरिहाना आकर बरजोर के बेटे का तिलक रस्म अदायगी के लिहाज से चढ़वा दिया।
इधर जब तय दिनांक 19 मई बीते बुधवार को परिजन दूल्हे संग बारात लेकर बेहंदर पहुंचे तो वहां लड़की के पिता एवं उसके परिवार का कोई सदस्य मौजूद नही मिला। अपने ठगे जाने का एहसास होते ही परिजन बारात को बैरंग लेकर गांव वापस आए। इसके बाद गुरुवार को झांसा देने वाले युवक विकास को ग्रामीणों की मदद से पकड़ कर पीड़ित ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध मे कोतवाली प्रभारी एसएसआई धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है। मामले की सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
334
