बिहार में बेशक शराबबंदी लागू है लेकिन आए दिन शराब से संबंधित मामले सामने आते रहते हैं। ताजा मामला पटना के दानापुर रेलवे स्टेशन में देखने को मिला। यहां एक शराबी की वजह से रेल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी परेशान रहे। इस दौरान डेढ़ घंटे तक मगध एक्सप्रेस रुकी रही।
दरअसल, मंगलवार दोपहर को लगभग 12:33 बजे मगध एक्सप्रेस दानापुर स्टेशन पहुंची। ट्रेन की बोगी संख्या डी1 में एक शराबी बेहोश होकर पड़ा था और कंपार्टमेंट के अंदर बैठे यात्री दहशत में थे। उन्हें इस बात का डर लग रहा था कि कहीं वह कोरोना की वजह से मर तो नहीं गया है।
घबराए यात्रियों ने कंट्रोल रूम को फोन करके इसकी जानकारी दी। इसके बाद तुरंत मेडिकल, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। फिर बेहोश शख्स को ट्रेन से बाहर निकाला गया। ट्रेन से उतारने के दौरान शराबी ट्रैक पर गिर गया। हालांकि गनीमत यह थी कि ट्रेन रुकी हुई थी जिससे अनहोनी होने से बच गई।
पुलिसवालों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। दानापुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यह ड्रामा चलता रहा। शराबी को स्टेशन से ले जाने वाली डॉक्टर ने बताया कि वह शराब पीने की वजह से बेहोश था। इस मामले पर स्टेशन के उप प्रबंधक ने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि एक आदमी अचेत अवस्था में पड़ा है। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ को मेमो देने के बाद डॉक्टर की टीम आई। शराबी की वजह से ट्रेन काफी देर तक रुकी रही।
439
