जिले के गारू प्रखंड के पिरी जंगल में पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में नक्सली के भ्रम में एक ग्रामीण युवक मारा गया। इसको लेकर इलाके के ग्रामीणों ने जमकर बवाल किया और पुलिस टीम को घेर लिया। घटना शनिवार सुबह की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने परम्परागत शिकार पर निकले युवक को मार डाला और उसे मुठभेड़ का नाम दे रही है। लातेहार के एसपी ने भी स्वीकार किया है कि इस घटना में मारा गया युवक नक्सली नहीं है। उन्होंने कहा है कि घटना की जांच हो रही है और ग्रामीणों के साथ न्याय होगा।
दरअसल पुलिस को इलाके में नक्सली दस्ते के होने की सूचना मिली थी। इसको लेकर शनिवार की सुबह सुरक्षा बल के जवान जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में सुरक्षा बलों की शिकार पर निकले युवकों की टोली से मुठभेड़ हो गई। इस घटना में गोली लगने से ब्रह्मदेव सिंह नामक एक ग्रामीण युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य ग्रामीण घायल हो गया। उसके हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने चार अन्य युवकों को कब्जे में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीण युवकों के पास से सात देसी बंदूकें बरामद की गई हैं। लातेहार के एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि सीआरपीएफ और जगुआर की टीमें अलग-अलग टुकड़ियों में बंटकर तलाशी अभियान पर निकली हुई थीं। इसी दौरान ग्रामीण युवक हथियार लेकर जंगल की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा लेकिन उन्होंने पुलिस की बात नहीं मानी और गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे एक युवक की मौत हो गई। एसपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया निर्दोष
घटना के बाद आसपास के गांव वाले एकजुट हो गए और पुलिस के प्रति रोष जताने लगे। एक तरफ पुलिस का कहना था कि बंदूकधारी युवकों ने जवानों पर फायरिंग की तो वहीं ग्रामीण मृत युवक को निर्दोष करार दे रहे थे। मुठभेड़ स्थल के आसपास के गांवों के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। गांववालों ने जंगल में मुठभेड़ स्थल तक जाने का भी कई बार प्रयास किया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये और आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए थे। बाद में लातेहार से पुलिस की टीम पहुंची और और मुठभेड़ करने वाली सुरक्षा बलों को टीम को लेकर गारू प्रखंड पहुंची।
लातेहार के एसपी प्रशांत आनंद ने बताया, सुरक्षा बलों को ग्रामीण युवक हथियार लेकर जंगल की ओर जाते नजर आए। उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा गया मगर उन्होंने गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे एक युवक की मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है। जो भी होगा ग्रामीणों के साथ न्याय ही होगा।
