हरियाणा के पलवल जिले के हथीन थाना क्षेत्र में युवती के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवकों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच अधिकारी सुमित्रा के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है कि गत 10 जून की रात नौ बजे वह घर से खेतों पर काम के लिए गई थी। उसी दौरान खेतों पर इरशाद, दीनू और जफरू मिले। उन्होंने पीड़िता को पकड़ लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी पीड़ित युवती को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने घर आकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस में घटना की शिकायत दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर के बाहर टहल रही युवती से छेड़छाड़
वहीं एक अन्य मामले में गदपुरी थाना क्षेत्र में अपनी मां के साथ घर के बाहर टहल रही युवती के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस जांच अधिकारी इंदू के अनुसार, 25 वर्षीय पीड़िता ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है कि गत 13 जून की रात 8 बजे वह अपनी मां साथ सड़क पर टहल रही थी, उसी दौरान गांव अतरचटा निवासी हेमंत बाइक लेकर आया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।
गौरतलब है कि बीते मई महीने में फेसबुक फ्रेंड द्वारा दिल्ली की युवती को होडल बुलाकर उसका अपहरण कर गैंगरेप किए जाने की घटना सामने आई थी। गैंगरेप की शिकार हुई युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि था उसके दोस्त रामगढ़ निवासी सागर की उससे फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद सागर ने उससे शादी करने का झांसा देकर अपने परिजनों से मिलाने के बहाने से उसे होडल बुलाया था। होडल पहुंचने पर सागर ने उसका अपहरण कर लिया तथा उसे अपने घर ले जाने की बजाय गांव के जंगल में बने ट्यूबवेल पर ले गया था। वहां करीब 25 लोगों ने रातभर उसके साथ गैंगरेप किया था।
