जमीन विवाद में हुई विधानसभा कर्मचारी की हत्‍या, आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापे मार रही पुलिस

by Kakajee News

राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू आइलेक्स के पास बुधवार को बाइक सवार अपराधियों ने विधानसभा कर्मी पर ताबड़-तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। मृतक का नाम अल्ताफ था। वह नगड़ी का रहने वाला था। अल्ताफ विधानसभा में चालक के पद पर पदस्थापित था। साथ ही वह जमीन का कारोबार के अलावा कमीशन का भी धंधा करता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद में हत्या होने की बात सामने आयी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापे मार रही है।


जानकारी के अनुसार बुधवार को दिन के लगभग साढ़े ग्यारह बजे अल्ताफ अपनी कार से मेन रोड की ओर से आ रहा था। जैसे ही वह हिनू आईलेक्स के समीप पहुंचा, तभी पीछे से बाइक सवार अपराधी पहुंचे। उन्होंने ओवरटेक कर अल्ताफ को रुकवाया। जैसे ही अल्ताफ ने अपनी कार रोकी, अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की। इस घटना में अल्ताफ को चार गोलियां लगीं। इसके बाद पिस्टल लहराते हुए अपराधी भाग निकले। इस वारदात के बाद आसपास में मौजूद लोग आनन-फानन में घायल अल्ताफ को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद डोरंडा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

पुलिस ने की रास्तों की नाकाबंदी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने रांची शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों की नाकेबंदी कर दी है। हर बाइक सवार पर नजर रखी जा रही थी। अपराधियों को पकड़ने के लिए शहर के सभी एग्जिट प्वाइंट पर जांच चली। अपराधियों की धरपकड़ के लिए हर संभव प्रयास किए गए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
अल्ताफ की हत्या के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद समेत पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और घटना की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को सीखचों के पीछे भेजा जाएगा।

परिजनों ने किया थाने का घेराव
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने डोरंडा थाने का घेराव किया। इस दौरान गुस्साए लोग वार्ड पार्षद जमीला खातून के पति मो रिजवान को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। लोगों का आरोप था कि रिजवान ने ही अल्ताफ की हत्या करवायी है। मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इसके बाद लोग थाना से हटे।

Related Posts

Leave a Comment