पेड़ों के लिए गुजार दी उम्र, 72 साल के टीचर ने लगाए 30,000 से ज्यादा पौधे

by Kakajee News

देश-दुनिया जब पर्यावरण में हो रहे बदलावों के कारण प्राकृतिक आपदाओं को झेल रहे हैं, ऐसे समय में ओडिशा के 72 वर्षीय अंतर्यामी साहू सबके लिए अनोखी मिसाल पेश कर रहे हैं। साहू ने अपना पूरा जीवन पेड़ लगाने में बीता साथ और बीते 60 सालों में उन्होंने पूरे राज्य में करीब 30 हजार पेड़-पौधे लगाए हैं।
साहू को गाछ (पेड़) सर भी कहा जाता है। वह ओडिशा के नयागढ़ जिले के किनतीलो गांव के रहने वाले हैं। 72 वर्षीय साहू ने पर्यावरण संरक्षण के लिए तभी से काम करना शुरू कर दिया था जब वह छठी क्लास में पढ़ते थे। उस समय उन्होंने गांव के पास ही बरगद का पौधा लगाया था।
साहू ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, ‘मैं सन् 1961 से पेड़-पौधे लगा रहा हूं और आज भी मैं पर्यावरण बचाने की दिशा में ही काम कर रहा हूं। मुझे इससे खुशी मिलती है।’
रिटायर्ड स्कूल टीचर साहू आज भी स्कूल जाकर बच्चों को पेड़-पौधे लगाने का महत्व समझाते हैं और उन्हें पर्यावरण संरक्षण की अहमियत बताते हैं। साहू के प्रयासों को राज्य और केंद्र सरकार दोनों ने ही सराहा है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्विटर पर भी साहू की तारीफ की। ओडिशा सरकार ने साहू को ‘नेचर लवर’ अवॉर्ड भी दिया है।

Related Posts

Leave a Comment