रायगढ़। सीबीएसई 10वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। इसमें शहर की प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्था संस्कार स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। स्कूल के 6 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर स्कूल व अपने-अपने परिवार का नाम रोशन किया। इनमें अक्षत शर्मा ने 94.4, मनीषा प्रधान 94.3 व अनूप चौधरी 92.7 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में प्रथम तीन स्थान पर रहे।
स्कूल के मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा ने बताया कि सीबीएसई 12वीं बोर्ड की तरह 10वीं बोर्ड में हमारे स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस साल हमारे स्कूल से 10वीं में 131 छात्र-छात्राएं थीं, सभी ने बेहतर प्रदर्शन किया। स्कूल के 6 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक, 21 ने 80, 27 ने 70 व 28 छात्र-छात्राओं ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए। स्कूल के परीक्षा परिणाम पर श्री शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
स्कूल की प्राचार्य श्रीमती रश्मि शर्मा ने कहा कि हमारी संस्था का प्रमुख उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। कोरोनाकाल में भी हमारे टीचर्स ने पूरी तैयारी के साथ ऑनलाइन पढ़ाई कराई और छात्र-छात्राओं का निरंतर मार्गदर्शन करते रहे। जिसका बेहतर परिणाम आया और हमारे स्कूल के बच्चों ने कोरोना महामारी के दौर में भी बेहतर प्रदर्शन किया। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।
स्कूल के एक्टिंग डायरेक्टर सीपी देवांगन ने भी परीक्षा परिणाम पर खुशी जाहिर करते हुए स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं को बधाई व शुभकामनाएं दी।
