उड़ीसा के कालाहांडी जिले में एक बेहद दर्दनाक दास्तान सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने खुद के अविवाहित होने की बात कहकर दो महिलाओं के साथ अवैध संबंध बनाए। इस दौरान दोनों महिलाओं से एक-एक बच्चे भी पैदा हुए। लेकिन अपने अवैध संबंधों को छुपाने के लिए तीनों ने मिलकर दोनों बच्चों को मार डाला और दफना दिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके ऊपर दोनों बच्चों की हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को घटना की जानकारी दी।
दोनों को दिया था शादी का आश्वासन
पुलिस के मुताबिक त्रिपाल नाइक और दोनों महिलाएं उड़ीसा के कालाहांडी जिले की रहने वाली हैं। इनमें से एक महिला की उम्र 30 वर्ष और दूसरे की उम्र 22 साल है। यह दोनों गोवा की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी करती थीं। त्रिपाल नाइक भी यहीं पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक उसने दोनों महिलाओं से शादीका वादा किया था। जून में 30 वर्षीय महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। नाइक ने जोर दिया कि बच्चा घर पर ही पैदा किया जाए। इसके बाद उसने बच्चे की हत्या करके उसे दफना दिया। इसके अगले ही महीने 22 वर्षीय महिला ने भी बच्चे को जन्म दिया। नाइक ने इस बच्चे को भी मारकर जंगल में दफना दिया। पुलिस के बयान के मुताबिक इन सारे मामलों से वाकिफ होने के बावजूद 30 वर्षीय महिला ने मुंह नहीं खोला।
आखिर गिरफ्तार हुए तीनों
इस घटना के कुछ दिनों के बाद नाइक ने दोनों महिलाओं से बताया कि वह शादीशुदा है। उसने दोनों महिलाओं से कहा कि वह अपना-अपना रास्ता देखें। 4 जुलाई को यह सभी कालाहांडी लौट गए और इसके बाद नाइक अपने गांव चला गया। पुलिस के मुताबिक इसके बाद 26 जुलाई को नाइक 22 वर्षीय महिला से मिलने पहुंचा और उसे शादी का झूठा आश्वासन दिया। इस बीच लड़की के घरवालों को पता चल गया और दोनों को ब्राहमनीगुणा जंगल से दोनों को पकड़कर ले आए और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस नाइक को लेकर गोवा गई। यहां पुलिस ने 5 अगस्त को दोनों बच्चों के शव बरामद किए। साथ ही जिस कुदाल से शव दफनाने के लिए गड्ढा खोदा गया था, उसे भी बरामद कर लिया। 30 वर्षीय महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके ऊपर सबकुछ जानते हुए भी मामले को छुपाने का आरोप है।
