रायगढ़। जिला जेल से पेशी पर कोर्ट लाए गए कैदी के फरार हो जाने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आज कैदी को पेशी के लिए जिला न्यायालय में पेश करने लाया गया था। जहां से उक्त बंदी मौके का फायदा उठाकर पुलिस कस्टडी से फरार होनें में कामयाब हो गया।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक चोरी के मामले में जेल में निरूद्ध कैदी मार्सल यादव आज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बंदी के फरार होनें की सूचना मिलते ही शहर के सभी थानों को अलर्ट करते हुए बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी की गई है।
पुलिस के मुताबिक मिटठुमुडा जूटमिल थाना के रहने वाले इस निगरानी बदमाश के अपराध के कई मामले चल रहे हैं। लूट और चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त इस बंदी के फरार हो जाने से पुलिस के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई है। पुलिस फरार बंदी को दबोचने के लिए हर संभव प्रयास में लगी है। एडिशनल एसपी ने फरार बंदी के जल्द पकड़े जाने की बात कही है।
