रायगढ़। जिले के ग्राम धनागर में मां प्रिया ज्वेलर्स नामक सोना-चांदी कारीगरी की दुकान और मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम धनागर निवासी दिलीप मंडल गांव में ही मां प्रिया ज्वेलर्स के नाम से सोना-चांदी कारीगरी की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने 5 अगस्त को अपने घर और दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। इसके अगले दिन 6 अगस्त को वह अपने बच्चे सुदीप मंडल को हॉस्टल छोड़ने के लिए पूरे परिवार के साथ इंदौर चले गए थे।
दिलीप मंडल के अनुसार 11 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे जब वह वापस घर पहुंचे तो मकान और दुकान में लगे सात ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा मिला। दुकान में रखे चांदी के करीब 2 किलो पुराने जेवर, 2 किलो नए चांदी के जेवर, करीब 7 ग्राम सोने की नथनी, गल्ले में रखे 40 हजार रुपये नकद तथा पूजा सामग्री में रखे करीब 300 ग्राम चांदी के सामान को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
पीड़ित ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई है। हालांकि चोरी की वास्तविक कीमत पुलिस की जांच और मूल्यांकन के बाद स्पष्ट होगी।
दिलीप मंडल ने बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल से सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। 10 अगस्त की रात करीब 9 बजे तक घर और दुकान सुरक्षित दिखाई दे रहे थे। इसके बाद 10 अगस्त की रात 12 बजे से 11 अगस्त की सुबह 4 बजे के बीच चोरी होने की आशंका जताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरी गए जेवरात की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित ने 12 अगस्त को थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
