छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पिछले 10 दिनों से हुई बारिश से यहां के नदी नालों का जल स्तर बढ़ा हुआ है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हुए जान जोखिम में डालकर उफनते नाले को पार कर रहे है, जिससे यहां किसी अनहोनी घटना से इंकार नही किया जा सकता।
ऐसे ही तस्वीर शनिवार को सामने निकलकर आई पंडरिया ब्लॉक के हरिनाला से, जिसमें लोग हरि नाला को जान जोखिम में डालकर पार करते हुए दिखे। नाले को कोई पैदल, तो कोई बाइक या ट्रैक्टर ही लेकर ही पार कर गया। ऐसे में कोई बड़ा हादसा होना का खतरा बना हुआ है। नाले का जलस्तर बढ़ने के बावजूद प्रशासन ने लोगों को नाला पार करने से रोकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। ये नाला पोंड़ी-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर स्थित है। जिसके कारण भी बड़ी संख्या में लोग यहां से निकलते हैं।
बताया गया कि पिछले 10 दिनों से हुई बारिश के कारण हरि नाला में काफी पानी भर गया है। यह भी पता चला है कि इससे करीब 7 किलोमीटर दूर पर ही क्रांति जलाशय है, जिसका पानी भी इसी नाले में आता है। बरसात के मौसम में ऐसा चौथी बार है कि जब इस नाले का जलस्तर इतना बढ़ गया है। शनिवार को नाला पार करने सुबह नाले के दोनों तरफ कुछ देर के लिए गाड़ियों का जाम भी लगा गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक जिले में एक जून से अब तक 818.MM बारिश दर्ज की गई है। हलांकि शुक्रवार रात से बारिश रुकी हुई है, शनिवार को भी सुबह से जिले के ज्यादातर इलाकों में धूप छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में भी जिले में बारिश हो सकती है।
