Bilaspur Crime News: बिलासपुर में दुर्गा विर्सजन के दौरान चाकूबाजी, घायल को लेकर रातभर लगाते रहे अस्पताल के चक्कर

by Kakajee News

बिलासपुर। Bilaspur Crime News: मगरपारा में दुर्गा विर्सजन के दौरान दो पक्ष में विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवकों ने ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान घायल के भाई ने अपने साथियों के साथ किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद उसे लेकर अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। कई अस्पतालों में चक्कर लगाने के बाद घायल को किम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, इसकी सूचना पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपित युवकों की तलाश कर रही है।

मगरपारा के मरारगली में रहने वाले संजय गुप्ता ऑटो चालक हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात वे अपने मोहल्ले से दुर्गा विर्सजन के लिए जा रहे थे। रात 10.30 बजे गायत्री मेडिकल के सामने त्रिदेव युवा मंच के लोग आपस में झगड़ा करने लगे। संजय और उनका भाई देवा गुप्ता वहीं पर स्र्क गए। इस बीच राहुल भिमटे, रिंकू नागदौने और रिंकू कश्यप ने मिलकर देवा से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर राहुल ने जान से मारने की धमकी देते हुए देवा पर चाकू से वार कर दिया।

इससे उसकी अतड़ियां बाहर आ गई। वहीं, रिंकू कश्यप और रिंकू नागदौने ने प्लास्टिक पाइप से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के बीच संजय और उसके साथियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल को लेकर सिम्स गए। सिम्स में डॉक्टर नहीं होने के कारण वे घायल को अपोलो समेत कई अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। कहीं पर डॉक्टर नहीं मिलने पर वे उसे लेकर किम्स अस्पताल पहुंचे। यहां पर भर्ती कर घायल का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस भी खोजती रही घायल को

घटना की जानकारी देर रात तक पुलिस को नहीं थी। देर रात पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो थाना प्रभारी शनिप रात्रे पुलिस टीम के साथ सिम्स पहुंचे। यहां घायल के नहीं मिलने पर पुलिस की टीम अलग-अलग अस्पतालों में गई। आखिरकार घटना स्थल पर जाकर घायल की जानकारी ली गई। इसके बाद उसके घर जाकर पीड़ित के संबंध में पूछताछ की गई। बाद में घायल के भाई की शिकायत पर जुर्म दर्ज कर आरोपित युवकों की तलाश की जा रही है।

Related Posts

Leave a Comment