भोपाल दीपावली के दौरान रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरने वाले यात्री कोरोना जांच से इंकार नहीं कर सकेंगे। जांच टीम के कहने पर कोरोना की जांच करानी होगी। ऐसे यात्री जो कोरोना की जांच नहीं कराना चाहते, उन्हें उचित कारण बताने होंगे। केरल समेत दूसरे राज्यों में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन समेत पश्चिम मध्य रेलवे ने कोरोना जांच को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। खासकर केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक से आने वाली ट्रेनों पर भोपाल रेल मंडल में विशेष नजर रखी जा रही है। भोपाल, इटारसी, हबीबगंज, बीना, गुना, संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर ऐसी ट्रेनों से आने वाले ज्यादा से ज्यादा यात्रियों की कोरोना जांचें की जा रही है। जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि भोपाल समेत मप्र को कोरोना से बचाने के लिए सभी स्टेशनों पर कोरोना जांच टीमों को कहा कहा गया है कि संबंधित ट्रेनों के यात्रियों की ठीक से जांचें की जाएं।
इन राज्यों से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों पर विशेष नजर
बीते एक सप्ताह में केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन राज्यों के शहरों से भोपाल, हबीबगंज, बीना, गुना, इटारसी और संत हिरदाराम नगर स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रअेनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जब भी इन राज्यों से होकर आने वाली ट्रेनें स्टेशनों पर ठहरती हैं तब उनमें से उतरने वाले 100 फीसद यात्रियों की जांचें करने की कोशिशें की जा रही है। बीते सप्ताह इन सभी राज्यों में 50 हजार से अधिक कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सर्वाधिक संक्रमित केरल के हैं।
कोरोना गाइडलाइन का करना होगा पालन
भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि उक्त ट्रेन में कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। बगैर मास्क लगाए ट्रेन में सफर नहीं कर सकेंगे। सैनिटाइजर का उपयोग करना होगा। कचरा निधारित डिस्टबिन में ही डालना होगा। ट्रेन के अंदर एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाकर रखना होगा। इसके अलावा स्टेशन पर प्रवेश करने और अंतिम स्टेशन पर उतरकर बाहर निकलते समय कोरोना जांच टीम के कहने पर कोरोना की जांच करानी होगी।
