इंदौर,Crime News Indore । हीरा नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को वाहन चैकिंग के दौरान बापस चौराहे पर एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि चैकिंग में बिना नंबर की स्कूटर को रोका और उससे दस्तावेजों के बारे में पूछा तो वह कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाया। पूछताछ के लिए उसे हीरा नगर थाने लाए। यहां उसने बताया कि स्कूटर आइटीआइ मैदान के पास से चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपित 55 वर्षीय कुतुबुद्दीन पुत्र गुलाम अब्बास निवासी नंदा नगर के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया। आरोपित से जब चोरी करने की वजह पूछी तो उसने बताया कि उसने दो शादियां की हैं, पत्नियों के खर्च उठाने और उनके शौक पूरे करने के लिए कुछ साल पहले चोरी करना शुरू कर दिया। मौका मिलने पर वह गाड़ियां चोरी कर उन्हें बेच देता था। पुलिस ने स्कूटर जब्त कर ली है। आरोपित पर गाड़ी चोरी के आठ अपराध पहले से ही दर्ज हैं।
डाक्टर के घर में घुसकर छेड़छाड़
करोल बाग में रहने वाली 23 वर्षीय डाक्टर के घर में घुसकर सिरफिरे ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने बुधवार को शिकायत पर आरोपित हेमंत के खिलाफ केस र्दज किया है। युवती ने बताया कि वह अरबिंदो अस्पताल से डाक्टर की पढ़ाई कर रही है। आरोपित हेमंत निवासी कुंदन नगर हवा बंगला आए दिन अस्पताल के बाहर खड़े होकर भद्दे कमेंट करता है और जबर्दस्ती शादी के लिए दबाव बना रहा है। मंगलवार देर रात उसने अचानक दरवाजा खटखटाया, खोलते ही वह अंदर आया और युवती का मुंह दबा दिया। हाथ पकड़ने की कोशिश की, तो उसने छुड़ाया और चिल्लाया तो वह भागने लगा। जाते हुए उसने कहा कि यदि उससे शादी नहीं की तो वह जान से खत्म कर देगा।
