Gwalior Crime News: ग्वालियर, जिला कोर्ट के सामने एसडीएम कोर्ट के आदेश पर प्रशासनिक अमला एक दुकान खाली कराने गया था, जहां व्यापारी नवीन किशोर गोयल ने स्वयं की गर्दन व पेट पर पेपर कटर मार लिया था। घायल व्यापारी की हालत स्थिर बताई गई है। इंदरगंज थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने घायल व्यापारी व अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में व्यवधान डालने का मामला दर्ज किया है।
जिला कोर्ट के सामने संजीव मित्तल की मालिकाना हक वाली दुकान है। नवीन गोयल किराएदार हैं। इस दुकान व अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद हो रहा था। इंदरगंज थाना पुुलिस ने नवीन गोयल के खिलाफ अशांति फैलने पर इस्तागासा दायर की थी। एसडीएम कोर्ट के फैसले पर प्रशासन की टीम दुकान खाली कराने व अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी। उसी समय दुकानदार ने अपने गले व पेट पर पेपर कटर मार लिया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस घटनास्थल के वीडियो व फोटो से पड़ताल कर शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
अवैध चिकन की गुमटी को हटवायाः नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विराेधी अभियान के तहत सेामवार को मदाखलत दस्ते द्वारा सिकंदर कंपू क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही मांसाहार की गुमटी को हटाया गया।मदाखलत अधिकारी ग्वालियर दक्षिण सतेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मदाखलत टीम द्वारा सिकंदर कंपू बिजली घर के पहले नगर निगम के औषधालय के बाहर मुख्य मार्ग लश्कर में सागर चिकन शाप की अवैध गुमटी काे हटाने की कार्रवाई की गई है। साथ ही उसकी गुमटी भी जब्त की गई है।
