कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीजेपी नेता के गुंडागर्दी करने का वीडियो सामने आया है। बीजेपी नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर वनकर्मियों को लात- घूसों से पीटा है। इसके अलावा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अब सोशल मीडिया में वायरल है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जिले में NH-149 बनाया जा रहा है। इसके लिए जमनीपाली गांव के पास पेड़ काटे गए हैं। कटे गए पेड़ की लकड़ियां मौके पर ही रखी गई हैं। इन्हीं लकड़ियों को बीजेपी नेता और पूर्व जनपद सदस्य झामलाल साहू का भाई अपने ड्राइवर के साथ चार पहिया वाहन में कथित रूप से चोरी कर ले जा रहा था। इस बात की सूचना सोमवार को वन विभाग की टीम को मिल गई। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और बीजेपी नेता के भाई को रोक लिया था। उससे लकड़ी भी जब्त कर ली गई।
बताया गया कि जैसे ही वनकर्मियों ने उसे रोका, उसने तुरंत ही अपने भाई को फोन कर दिया। ये पता चलने के बाद बीजेपी नेता झामलाल साहू मौके पर पहुंच गया। झामलाल बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा का उपाध्यक्ष भी है। यहां पहुंचने के बाद झामलाल ने पहले तो वनकर्मियों को गंदी- गंदी गालियां दीं। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के बाद बीजेपी नेता अपने साथियों के साथ वहां से निकल गया।
घटना के बाद पीड़ित वनकर्मी हरिनारायण बंजारे ने पुलिस से शिकायत की। जिले की ऊर्जा थाना पुलिस ने फारेस्ट गार्ड की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
