रायगढ़। 40 दिनों तक जिंदगी की जंग लडऩे के बाद कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव उर्फ गजोधर भैया ने बुधवार की सुबह करीब सवा दस बजे इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन पर शहर के युवा समाजसेवी व छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक कला मंच के संयोजक महावीर अग्रवाल ने शोक व्यक्त करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अपनी मेहनत व कॉमेडी के बल पर राजू श्रीवास्तव ने अपना एक अलग ही मुकाम बनाया था। उनके द्वारा गढ़े गए गजोधर भैया का पात्र ही उनकी पहचान बन गई थी। पूरे देश में उनके प्रशंसक व चाहने वाले मौजूद हैं, जिन्हें हंसाने वाले राजू ने जाते-जाते रुला दिया। वे अपने कैरियर के शुरुआती दौर में रायगढ़ भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी कॉमेडी से शहरवासियों का दिल जीत लिया था। रायगढ़ वासियों के दिल में उन्होंने अमिट छाप छोड़ दी थी, जो आज तक कायम है।
इस दौरान उनसे मुलाकात करने का मौका भी मिला था। श्री अग्रवाल ने अपना संस्मरण सुनाते हुए कहा कि वे सिर्फ एक कॉमेडियन ही नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान भी थे। उन्होंने कहा कि अब राजू श्रीवास्तव का जिक्र सिर्फ यादों में होगा, उनके किस्से, कोशिश और हौसला अब सिर्फ किस्सों में रह जाएगा। हम सब राजू श्रीवास्तव उर्फ गजोधर भैया को कभी नहीं भूल पाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
