रायगढ़ । जिले की प्रतिष्ठित संस्था श्री श्याम मंडल के तत्वावधान में तीन दिवसीय विराट श्री श्याम महोत्सव 2022 के प्रथम दिन 03 नवम्बर गुरूवार को प्रात: 9 बजे से गांधी गंज स्थित राम मंदिर से श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभा यात्रा एवं निशान यात्रा निकलेगी, जिसमें 1101 श्यामभक्त अपने हाथों में निशान थामे शामिल होंगे। इस दौरान पूरा शहर श्याम प्रभु के भजनों व जयकारे से गूंज उठेगा। शोभायात्रा गांधीगंज से गांधी चौक होते हुए रामनिवास टाकीज चौक, गोपी टाकीज, गौरीशंकर मंदिर, पुत्री शाला, लाल बिल्डिंग से पुराना हटरी चौक, गद्दी चौक, सुभाष चौक होते हुए संजय काम्प्लेक्स स्थित श्री श्याम मंदिर में संपन्न होगी।
श्याम मंडल के प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम प्रभु की द्वापर से लेकर कलियुग के प्रथम चरण में खाटू श्यामजी में साक्षात अपना शीश का अवतार लेकर श्याम नाम से घर-घर पूजित हो रहे हैं। अत्याधुनिक साज सज्जा के साथ मंदिर के अन्दर मध्य मे भव्य खाटू वाले श्री कृष्ण अवतार श्री श्याम बाबा का मनमोहक दरबार के साज सज्जा होगी।
दरबार के दायें औघड़दानी आशुतोष भगवान शंकर एवं बांये महाबली वीर श्री हनुमान जी की भी शोभायेमान होंगे, जिनके दर्शन की चित्ताकर्षक रूप की शोभा अतुलनीय होगी। महिला एवं पुरूष भक्तों बैठने की व्यवस्था मंदिर के अंदर की गई है। श्री अग्रवाल ने बताया कि 02 नवम्बर एवं 03 नवम्बर दो दिनों में सैकड़ो पुरूषों एवं महिलाओं ने श्याम मंदिर में श्री श्याम नाम की मेहंदी बड़े चाव से अपने हाथों में लगवायी है, जिससे मंडल के सदस्य काफी उत्साहित है।
आगे उन्होंने बताया कि कार्तिक शुदी एकादशी श्री श्याम प्रभु के जन्म दिन के रूप में भव्य रूप में देश विदेशों में मनाई जाती है एवं फाल्गुन शुक्ल पक्ष एकादशी श्याम प्रभु के प्रकट महोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाई जाती है। देश विदेश में श्री श्याम प्रभुु के करोड़ों की संख्या में अनुयायी भक्त हैं।
श्याम मंडल के अघ्यक्ष राजेश चिराग एवं सचिव सचिन बंसल ने बताया कि इस बार कार्तिक शुदी एकादशी के शुभ अवसर पर इस बार मंदिर के भीतर गोल्डन थीम में थर्माकोल एवं फूलों से कोलकाता के कारीगरों द्वारा आकर्षक श्रृंगार किया गया है। महिलाओं एवं पुरूषों के लिए अलग अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। इस शुभ अवसर पर श्याम मंडल द्वारा रायगढ़ के एवं बाहर के सभी भक्तों को अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर दर्शन लाभ व पुण्य लाभ लेने की अपील की गई है।
नृत्य नाटिका के साथ होगी फूलों की होली
प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण नृत्य नाटिका व फूलों की होगी। इसके लिए श्याम मंडल की ओर से विशेष रूप से कोलकाता से कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो शोभायात्रा के साथ श्रीकृष्ण राधा व सखियों के रूप में सजकर भावपूर्ण नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगे और फूलों की होली खेली जाएगी।
