एक रिटायर फौजी को जमीन के फर्जी कागजात देकर 68 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिटी थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गोहाना रोड स्थित राजेंद्र नगर निवासी रमेश ने दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से घुसकानी गांव का रहने वाला है। फिलहाल रोहतक में रह रहा है। उसके मकान से थोड़ी दूरी पर एक महिला रहती है, जिसका घर आना-जाना था।
महिला ने कहा कि लाढ़ोत रोड निवासी सत्यवीर व अशोक को जानती है। वह 2420 वर्ग गज जमीन बेचना चाहते हैं। उनको पैसे की सख्त आवश्यकता है। वह आपको कम मूल्य में दिलवा देगी। उसे न केवल जमीन दिखाई, बल्कि सतबीर व अशोक से मिलवाने की बात भी कही। कहा, अगर आप उनसे मिले तो जमीन महंगी मिलेगी। मैं उनसे सौदा कर लेती हूं, क्योंकि वो मुझ पर विश्वास करते हैं और मेरा उनके घर आना जाना है। आप मुझे पैसे दे देना। मैं उनसे जमीन का बयाना लिखवा कर आपको दे दूंगी।
रिटायर फौजी ने विश्वास करके 68 लाख रुपये अलग-अलग तारीख पर दे दिए। आरोपी महिला ने एक इकरारनामा उसे लाकर दिया, जो पहले से तैयार था। उस पर सतबीर व अशोक के हस्ताक्षर थे। अब उसने अशोक व सतबीर से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि किसी को जमीन नहीं बेची। न ही किसी से पैसे लिए। इस तरह उसके साथ धोखाधड़ी की गई।
डीएलएफ कॉलोनी स्थित होटल का कर्मचारी मालिक का मोबाइल फोन चुराकर ले गया। साथ ही फोन प्रयोग करते हुए फोन पे की यूपीआई के माध्यम से साढ़े 25 हजार रुपये निकाल लिए। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जवाहर नगर निवासी रोहित ने दी शिकायत में बताया कि उसका डीएलएफ कॉलोनी में फुडिज हेवन के नाम से होटल है, जहां पानीपत निवासी गगन उर्फ जसकिरत नौकरी करता था। वह 28 दिसंबर को दो मोबाइल फोन चुराकर ले गया। अब पता चला है कि गगन ने एक मोबाइल नंबर का प्रयोग करते हुए फोन पे के माध्यम से एक बार 25 हजार व दूसरी बार 500 रुपये निकाल लिए। अब तक वे गगन को तलाश कर रहे थे, लेकिन मिला नहीं।
