अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक दिव्यांग आटो चालक के द्वारा शराब के नशे में आटो चलाते हुए न केवल एक व्यक्ति को ठोकर मार दी गई, बल्कि मौके पर पहुंचे एक पुलिस जवान की भी पिटाई कर दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरूवार की सुबह एक दिव्यांग आटो चालक शराब के नशे में तेज एवं लापरवाही पूर्वक आटो चलाते हुए सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार ठोकर मार दी। आटो की ठोकर से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस टीम के साथ शराब के नशे में धुत्त दिव्यांग आटो चालक ने मारपीट भी शुरू कर दी। पुलिस जवान के साथ मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया में बहुत तेजी के साथ वायरल भी हो रहा है। साथ ही साथ सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को आटो चालक के द्वारा ठोकर मारने का भी सीसीटीवी फुटेज सामने आया हैं जिसमें देखा जा सकता है कि आटो चालक ने किस तरह लापरवाही वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। बहरहाल पुलिस दिव्यांग आटो चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
