रायपुर। एक युवक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी। इस युवक ने यह धमकी सीधे पुलिस महकमे के आला अधिकारी को भेजी थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीएसपी सिविल लाइन के सरकारी मोबाइल फोन पर मैसेज करते हुए युवक ने लिखा था कि 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की हत्या कर दूंगा।
इस मैसेज के मिलते ही पुलिस महकमा सतर्क हो गया और मैसेज भेजने वाले युवक की तलाश में पुलिस ने हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए। तमाम अधिकारी इस तलाश में जुट गए कि आखिर ऐसा कौन सा शख्स है जो 24 घंटे के भीतर प्रदेश के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री को जान से मारने वाला है। साइबर टीम एक्टिव हुई और युवक की तलाश शुरू की गई।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपित की पहचान की और पचपेड़ी नाका के पास से मनीष नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इसी युवक ने धमकी भरा मैसेज किया था। वह टिफिन सेंटर चलाता है और कोरोना काल में व्यापार ठीक से नहीं चलने की वजह से मानसिक रूप से परेशान चल रहा है। फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही। हालांकि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पांच महीेने पहले भी उसने राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के जज को जान से मारने की धमकी दी थी। तब पुलिस ने उसकी आर्थिक मदद की थी और समझाइश देकर छोड़ दिया था।
439
