आतंकी साजिश विफल… सुरक्षाबलों ने LoC के पास मार गिराया ड्रोन, हथियार और नकदी बरामद

by Kakajee News

जम्मू संभाग के जिला राजोरी में सुरक्षाबलों ने आतंकी साजिश को विफल किया है। राजोरी में नियंत्रण रेखा के पास बैरीपट्टन इलाके में सुरक्षाबलों ने सीमा पार से आए ड्रोन को मार गिराया है। ड्रोन अपने साथ सीलबंद पैकेट में हथियार और नकदी लेकर पहुंचा था। इससे पहले कि यह खेप तस्करों तक पहुंचती, सुरक्षाबलों ने आतंकी मंसूबों को नाकाम कर दिया।

 

सेना ने एक बयान में कहा कि 12-13 अप्रैल की रात को राजोरी के बेरी पट्टन इलाके में नियंत्रण रेखा पर हवाई वस्तुओं की एक संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान ड्रोन को मार गिराया गया है। ड्रोन से पांच लोडेड एके मैगजीन, कुछ कैश और एक सीलबंद पैकेट बरामद किया गया है। सेना ने बताया कि संबंधित इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

हाल ही में सांबा में ड्रोन से गिराए गए थे हथियार
इससे पहले चार अप्रैल को सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा से दस किलोमीटर अंदर ड्रोन से गिराए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था। इसमें हथियारों को एक पैकेट में रखा गया था। पैकेट में तीन पिस्तौल, चार चीन में बने ग्रेनेड व 48 कारतूस शामिल थे। वहीं, 24 नवंबर 2022 को पाकिस्तानी ड्रोन ने छन्नी मन्हासा इलाके में इसी तरह एक पार्सल गिराया था, जिसमें दो पिस्तौल, पांच लाख की नकदी (भारतीय मुद्रा) और आईईडी बरामद हुई थी। पाकिस्तान में बैठे आतंकी अब ड्रोन के जरिये प्रदेश में हथियारों, नकदी और नशे की खेप भेजने के प्रयास में रहते हैं, जिसे समय-समय पर सुरक्षाबलों द्वारा विफल किया जा रहा है।

Related Posts

Leave a Comment