आदर्श ग्राम्य भारती में सेठ किरोड़ीमल की जयंती का आयोजन

by Kakajee News

रायगढ़. जिन्दल आदर्श ग्राम्य भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरोड़ीमल नगर में सेठ किरोडीमल लोहारीवाला की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय के चेयरमैन विजय कुमार अग्रवाल ने सेठ किरोड़ीमल के छायाचित्र पर माल्यार्पण व द्वीप प्रज्जवलित का कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पावन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सतीष कुमार पाण्डेय, विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भरोस राम पटेल, वित अधिकारी प्रणय कुमार अग्रवाल, समिति सदस्य दिनेश उरॅंाव, अनुज सिदार, उप प्राचार्य संजय कुमार शर्मा, प्रधानपाठिका श्रीमती प्रियंका जैन, शैक्षणिका श्रीमती ममता सिंह ठाकुर एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
विद्यालय के चेयरमैन विजय कुमार अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में सेठ किरोड़ीमल का अभूतपूर्व योगदान है। उन्होने पूरे भारत वर्ष में सामाजिक कार्यों में जनकल्याणार्थ स्कूल, कॉलेज, पुस्तकालय, चिकित्सालय, बालमंदिर और बालसदन, भव्य मंदिर, धर्मशाला, कुआँ, बावली और कॉलोनियों का निर्माण करवाया। कठिन संघर्ष व्यावसायिक बुद्धि के कारण उन्होनें अकूत संपत्ति प्राप्त की और उसे जनता के हित में ही, सेवा कार्यों में लगा दिया। उनकी यह अप्रतिम सेवा भावना ने उन्हें महान दानवीरों की श्रेणी में रख दिया। उन्होने आगे कहा कि आज दोहरा खुशी का दिन है। हमारे विद्यालय को सी.बी.एस.ई. पाठ्यक्रम की मान्यता मिल गई है। उन्होने खुशी जताई की अब ग्रामीण पिछडे अंचल के विद्यार्थी भी न्यूनतम शुल्क में सी.बी.एस.ई. पाठ्क्रम की शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य सतीश कुमार पाण्डेय ने सेठ किरोड़ीमल के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान रायगढ़ को छ.ग. की सांस्कृतिक राजधानी बनाने में सेठ किरोड़ीमल जी की अहम् भूमिका है। राजा चक्रधर सिंह और दानवीर सेठ किरोड़ीमल लोहारीवाला के नाम पर रायगढ़ का विश्वविख्यात ख्याति मिली है। सच्चे अर्थों में वे आधुनिक रायगढ़ नगर के शिल्पी हैं। रायगढ़ शहर को औद्यौगिक नगर के रूप में पहचान दिलाने वाला प्रदेश का प्रथम एकमात्र जूटमिल रायगढ़ में उन्होनें ही स्थापित किया। सेठ किरोड़ीमल ने अपने बुद्वि चातुर्य से यहां का उत्पादित माल कलकत्ता को भेजा। उनकी सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उक्त अवसर पर भरोस राम पटेल उपाध्यक्ष, एवं श्री वित अधिकारी प्रणय कमार अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सेठ किरोड़ीमल के जीवन वृत्त व योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के आयोजन में पी. सी. साहू , श्रीमती जानकी सिंह ठाकुर, शशिभूषण पटेल, भुवनेश्वर महंत, कुंदन शर्मा व शिक्षक स्टाफ की महती भूमिका रही।

Related Posts

Leave a Comment