उधार दिए 35 लाख वापस न मिलने पर शिक्षक परेशान, जहर निगलने से हुई मौत, स्कूल संचालक समेत छह पर केस

by Kakajee News

चरखी दादरी में उधार दिए 35 लाख और डेढ़ लाख रुपये तनख्वाह न मिलने से आहत होकर निमड़ बडेसरा निवासी एक शिक्षक ने जहर निगल लिया। जहर के प्रभाव से उसकी मौत हो गई। बाढड़ा थाना पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर एक निजी स्कूल संचालक समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मृतक सतीश (54) की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।

 

मृतक के बेटे के बयान पर पुलिस ने किया मामला
पुलिस को दिए बयान में मृतक सतीश के बेटे निखिल ने बताया कि वे दो भाई बहन हैं और दोनों ही अविवाहित हैं। उसने बताया कि उसका पिता सतीश 27 साल से बाढड़ा के नवचेतना स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत्त थे। उसके पिता ने उसे बताया था कि स्कूल मालिक राजेंद्र ने उसे तनख्वाह के डेढ़ लाख रुपये नहीं दिए और कई बार करके उससे 15 लाख रुपये भी ले चुका है।

पिता धमकियों से परेशान था
निखिल ने बताया कि इसके अलावा उसकी बुआ के लड़के अनिल ने भी उसके पिता से बीस लाख रुपये उधार लिए थे। उसका पिता जब पैसे मांगता तो राजेंद्र और अनिल धमकी देते थे। उसने बताया कि उसका पिता दोनों की धमकियों से परेशान था। निखिल ने बताया कि उसके ताऊ का परिवार भी गांव में जमीन को लेकर उसके पिता से झगड़ा करता था। इन तमाम बातों से उसका पिता क्षुब्ध था।

सुबह निकला स्कूल के लिए, बाद में मिली तबीयत खराब होने की सूचना
निखिल ने बताया कि वीरवार सुबह साढ़े सात बजे उसका पिता स्कूल जाने के लिए निकला था। दोपहर को 11 बजे स्कूल से फोन आया कि उसके पिता की तबीयत
खराब है और वे उसे अस्पताल लेकर जा रहे है। जब वह अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसके पिता के जहर खाने की पुष्टि की। इसके बाद वह अपने पिता को लेकर भिवानी के एक निजी अस्पताल गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच अधिकारी के अनुसार
इस संबंध में मृतक के बेटे के बयान पर छह के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे उसी अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -जगजीत सिंह, एसआई एवं जांच अधिकारी, बाढड़ा थाना।

Related Posts

Leave a Comment