सारंगढ़। छत्तीसगढ के सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले से पांच लोगों की हत्या के बाद हत्यारे ने खुद फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा मौके पर पहुंच गए है और एफएसएल की टीम की मदद से इस जघन्य हत्या के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
पुलिस के अनुसार जिले के थरगांव ग्राम में एक ही परिवार के पांच लोगों की हथौड़ा और टंगिया से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को फांसी के फंदे से लटका लिया.. घटना की सूचना मिलते ही थरगाव थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
महासमुंद जिले की सीमा से लगा हुआ है गांव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का यह थाना सलिहा थाना महासमुंद जिले की सीमा से लगा हुआ है। जो कि सारंगढ़ से 22 किलोमीटर दूर है।
ये हैं मृतकों के नाम
मृतकों के नाम हेमलाल, जगमती, मिरा और मिरा के पुत्र सहित दो मासूम हैं. वहीं हत्यारा मनोज साहू उर्फ पप्पू टेलर पड़ोसी बताया जा रहा है.सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के एसपी पुष्कर शर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है।
हत्या के पीछे हो सकता है कोई बडा कारण
एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी मनोज साहू उर्फ पप्पु टेलर ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या जरूर कर ली लेकिन इस घटना के पीछे कोई बडा कारण हो सकता है। जिसका खुलासा पुलिस जांच के बाद करेगी। जानकार सूत्र यह बताते हैं कि पडोस में रहने वाला मनोज साहू आज अचानक घर में आया था और देखते ही देखते उसने परिवार की महिलाओं पुरूष व बच्चों को बेरहमी से घर में रखे हथौडे व टंगिये से मारकर मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नही इस हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह खुद फांसी लगाकर उसी जगह झुल गया जहां उसने एक साथ पांच लोगों को मारा था।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
इस पूरी घटना के संबंध में सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने बताया कि इस जघन्य हत्या का कारण अभी तक पता नही चला है जिसके लिये फारेसिक टीम को बुलाया गया है और मृतकों के सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिये भी भेजा गया है। उन्होंने इस बात को माना कि हत्यारे के साथ इस परिवार की पुरानी पहचान थी जो पडोस में ही रहता था।
