कबीरधाम। कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना अंतर्गत पुलिस चौकी पोंड़ी ने दो महिला गांजा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ये दोनों मां-बेटी है, जो आसपास के क्षेत्र में गांजा की पुड़िया बनाकर बेचती थी। पुलिस चौकी पोंड़ी प्रभारी एसआई विमल लावनिया ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं नेउरगांव तिराहा, कॉलोनी पारा पोंड़ी क्षेत्र में घूम-घूमकर गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके हलिमा बी पति स्व.बशीर मोहम्मद,उम्र 52 वर्ष व परवीन पति स्व.ईजराइल मोहम्मद, उम्र 32 वर्ष दोनों निवासी ग्राम पोंड़ी को गिरफ्तार किया गया। ये दोनों मां-बेटी है।
तलाशी के दौरान हलिमा बी के पास से काले रंग के बैग में 370 ग्राम मादक पदार्थ (गांजा) की कुल 81 पुड़िया बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपी ने गांजा को घूम-घूमकर बिक्री करने की बात स्वीकार की। इनके खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
85
