अमेजन से मंगाया प्रतिबंधित हथियार, फिर लोगों को लगे डराने, चाकू और तलवार के साथ दो युवक गिरफ्तार, भेजे गए जेल

by Kakajee News

 

सक्ती जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चाकू और तलवार बरामद किया गया है। आरोपी ने अमेजन से चाकू मंगाया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान मुख्य मार्ग गेट के पास एक युवक चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी खिलेश्वर यादव उर्फ खूबी (19 वर्ष) को पकड़ लिया। उसके कब्जे से प्रतिबंधित चाकू बरामद कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कलमी नहर के पास एक युवक को तलवार लेकर लोगों को डराते-धमकाते हुए पकड़ा। आरोपी की पहचान यशवंत चौहान (22 वर्ष) निवासी नवागांव के रूप में हुई। उसके पास से तलवार जब्त कर अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर 21 अगस्त को जेल भेजा गया।

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी युवकों ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेज़न इंडिया से प्रतिबंधित चाकू और हथियार खरीदे थे। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों पर सतत नजर रखी जा रही है और जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment