एसईसीएल कर्मी के घर बड़ी चोरी, चोरों ने तोड़ी तीन आलमारी – CCTV कैमरा भी उखाड़ ले गए

by Kakajee News

 

कोरबा। पूरा मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है जहा शहर के सबसे व्यस्त एसईसीएल मुख्य मार्ग पर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। घटना DAV पब्लिक स्कूल के सामने स्थित एसईसीएल कर्मी रामाकांत शर्मा के मकान की है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तीन आलमारियों को तोड़ डाला।
रामाकांत शर्मा, सी-54 क्वार्टर में निवास करते हैं और हाल ही में दो माह पहले ही एसईसीएल मानिकपुर खदान से फिटर पद से रिटायर हुए हैं। उनकी पत्नी भी घर पर रहती हैं, जबकि दोनों बच्चे पुणे में नौकरी करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपत्ति बच्चों से मिलने पुणे गए हुए थे।
इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखकर तत्काल सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को दी और मकान मालिक को वीडियो कॉल कर घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और उनकी कुल कीमत का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
गौर करने वाली बात यह है कि घर पर लगे CCTV कैमरे में चोर कैद हो गए थे, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी कैमरा तोड़कर ले गए। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच की जा रही है और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर के मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

Leave a Comment